रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
दुद्धी(सोनभद्र)। सोशल मीडिया पर अश्लील और पोर्नोग्राफिक वीडियो अपलोड करने वालों के खिलाफ साइबर थाना और साइबर सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर महिला एवं बाल यौन शोषण से जुड़े मामलों में निगरानी के दौरान एनसीएमईसी और साइबर ट्रिपलाइन के माध्यम से मिली शिकायतों की जांच की गई। जांच में इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अश्लील सामग्री अपलोड किए जाने की पुष्टि होने पर दुद्धी निवासी सैफ और ओबरा निवासी राहुल कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल और अपलोड में इस्तेमाल डिवाइस भी बरामद किए हैं।
• व्यूज और आर्थिक लाभ के लिए अपलोड की जा रही थी सामग्री
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोस्तों के सोशल मीडिया ग्रुप में इंस्टाग्राम और फेसबुक के जरिए वीडियो साझा किए जाते थे। अधिक व्यूज और आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से अश्लील वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड और शेयर किए जाते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अश्लील या आपत्तिजनक सामग्री सोशल मीडिया पर अपलोड, शेयर या फॉरवर्ड न करें, अन्यथा कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।