रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
राबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। नगर क्षेत्र में फ्लाईओवर के नीचे वर्षों से रेहड़ी-पटरी और छोटी दुकान लगाकर जीविका चला रहे गरीब दुकानदारों को हटाने की कार्रवाई को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन ने नाराजगी जताई है। संगठन के जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने अपर जिला अधिकारी न्यायिक रमेश सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यहां दुकान लगाने वाले अधिकांश लोग आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से आते हैं और यही उनका एकमात्र रोजगार का साधन है। अचानक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से सैकड़ों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कई दुकानदारों ने बैंक से ऋण भी ले रखा है, ऐसे में व्यवसाय बंद होने पर उनके सामने आर्थिक संकट और सिविल खराब होने जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
• “पहले पुनर्वास, फिर हटाओ” नीति अपनाने की मांग, भेदभाव न करने की दी नसीहत
व्यापार संगठन ने प्रशासन से मांग की कि केंद्र और राज्य सरकार की स्ट्रीट वेंडर नीति के तहत पहले नगर में व्यवस्थित वेंडिंग जोन बनाया जाए, दुकानदारों का सर्वे कर उन्हें वैध स्थान आवंटित किया जाए, इसके बाद ही हटाने की कार्रवाई हो। कौशल शर्मा ने कहा कि गरीबों को उजाड़ना किसी समस्या का समाधान नहीं है और प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पुनर्वास की व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के दुकानों को हटाया गया तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगा। ज्ञापन के दौरान चंदन चौरसिया, राकेश प्रसाद, दिलीप कुमार, अजय कुमार, दयाराम सोनकर, राजा सोनकर, अनिल सोनकर, सुरेश, राजेश कुमार, विजेंद्र, तेजू, अजय कुमार शर्मा, राम जी केसरी, काशी प्रसाद, आफताब आलम समेत कई लोग मौजूद रहे।
.