सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट
लखनऊ(उत्तर प्रदेश)। राजकीय शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने 27 मई को निशातगंज स्थित कार्यालय में महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार गौतम के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सत्यम् शिवम् सुन्दरम्, प्रदेश महामंत्री डॉ. अशोक कुमार अवाक, प्रदेश संगठन मंत्री डॉ. अमर सिंह तथा डॉ. अनिल कुमार पासवान शामिल रहे। ज्ञापन में चयन वेतनमान, प्रोन्नत वेतनमान, पदोन्नति और अन्य मामलों में गोपनीय आख्या, सेवा अनुभव एवं अभिलेखों के सत्यापन को लेकर नए निर्देश जारी करने की मांग की गई।
• शिक्षकों को अनावश्यक दौड़-भाग और भ्रष्टाचार से बचाने की मांग
प्रदेश महामंत्री डॉ. अशोक कुमार अवाक ने बताया कि पूर्व अपर शिक्षा निदेशक (राजकीय) अंजना गोयल द्वारा पहले ही संबंधित आदेश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन कुछ प्रधानाचार्य, जिला विद्यालय निरीक्षक और संयुक्त शिक्षा निदेशक उन आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं। आरोप है कि शिक्षकों से पुराने अधिकारियों से अभिलेख सत्यापन कराने के नाम पर मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से परेशान किया जाता है। संघ ने मांग की कि वर्तमान में पदस्थ उच्चाधिकारी विद्यालय एवं सेवा पुस्तिका के आधार पर अभिलेख सत्यापित करें, जिससे शिक्षकों को अनावश्यक परेशानी, आर्थिक नुकसान और कार्यालयी भ्रष्टाचार से राहत मिल सके। महानिदेशक ने मामले पर विचार करने का आश्वासन दिया।
.