Breaking News
मोबाइल चार्ज लगाते समय करंट की चपेट में आने से युवक की मौत     |     मवेशी बांधते समय सर्पदंश से व्यक्ति की मौत     |     पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण     |     
Share on

  अजीत पाण्डेय संवाददाता

• मौसी की शादी में आया था मासूम, नाना ने हत्या कर शव कुएं में फेंकने का लगाया आरोप

बभनी(सोनभद्र)। बभनी थाना क्षेत्र के अहीर बुढ़वा गांव में शादी समारोह के बीच उस वक्त चीख-पुकार मच गई जब मौसी की शादी में शामिल होने आया 4 वर्षीय मासूम संदिग्ध हालात में कुएं में मृत मिला। मृतक की पहचान जीनू भारती पुत्र सुनील कुमार भारती के रूप में हुई है। बताया गया कि जीनू करीब एक सप्ताह पहले अपनी मौसी की शादी में ननिहाल आया था। बुधवार रात मंडप कार्यक्रम के दौरान वह अचानक भीड़ से गायब हो गया। काफी देर तक तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने डायल-112 को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों की तलाश के दौरान घर से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर पक्के कुएं में मासूम का शव उतराया मिला। घटना के बाद शादी वाले घर की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

• मां की मौत के बाद नाना ने पाला, अब हत्या का आरोप लगाकर लगाई न्याय की गुहार

मृतक के नाना रामबृक्ष ने आरोप लगाया कि जीनू की हत्या कर शव कुएं में फेंका गया है। उन्होंने बताया कि जीनू की मां की मौत उसके जन्म के एक सप्ताह बाद ही हो गई थी, जिसके बाद बड़ी मुश्किल से उसका पालन-पोषण किया जा रहा था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गुरुवार सुबह नाना ने बभनी थाने पहुंचकर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। मामले में प्रभारी निरीक्षक दिन्नू यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और हर पहलू पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





Top