Breaking News
बेखबर रफ्तार बनी आफत, दो अलग-अलग हादसों में चार लोग घायल     |     हाथी दांत की तस्करी का भंडाफोड़, संयुक्त कार्रवाई में तीन तस्कर गिरफ्तार     |     शादी के दो माह बाद उजड़ गया सुहाग, सड़क किनारे खून से लथपथ मिला युवक का शव     |     
Share on

  वीरेंद्र कुमार संवाददाता

• उद्घाटन मुकाबले में रामनगर दुद्धी ने बंशीधर नगर को 50 रनों से हराकर अगले दौर में बनाई जगह

विंढमगंज(सोनभद्र)। विकास खंड दुद्धी क्षेत्र के महुली स्थित श्री राजा बरियार शाह खेल मैदान में आयोजित राजा बरियार शाह नाइट कैनवस क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। रंग-बिरंगी रोशनी, दर्शकों की भारी भीड़ और खिलाड़ियों के उत्साह के बीच आयोजित उद्घाटन समारोह खेल प्रेमियों के लिए यादगार बन गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के सदस्य जीत सिंह खरवार, विशिष्ट अतिथि पूर्व जिला महामंत्री भाजपा सुरेन्द्र अग्रहरि तथा समारोह अध्यक्ष जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम ने फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। अतिथियों ने बल्ले से गेंद खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि जीत सिंह खरवार ने कहा कि यह मैदान क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान देने का माध्यम बनेगा और इसे और अधिक विकसित एवं आकर्षक बनाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं सुरेन्द्र अग्रहरि ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, संघर्ष और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं, जबकि जुबेर आलम ने खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

• सत्यम की विस्फोटक पारी ने दिलाई रामनगर दुद्धी को शानदार जीत

टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में आरसीसी रामनगर दुद्धी और बंशीधर नगर की टीमें आमने-सामने रहीं। पहले बल्लेबाजी करते हुए रामनगर दुद्धी ने निर्धारित 10 ओवरों में 142 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में बंशीधर नगर की टीम 9 विकेट खोकर 92 रन ही बना सकी और रामनगर दुद्धी ने 50 रनों से शानदार जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। रामनगर दुद्धी के बल्लेबाज सत्यम को महज 30 गेंदों में ताबड़तोड़ 79 रन बनाने के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मुकाबले में मां काली दुद्धी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फुलवार की टीम को पराजित किया। प्रतियोगिता में अंपायर की भूमिका नंदकिशोर कन्नौजिया एवं गोलू ने निभाई। कार्यक्रम के अंत में टूर्नामेंट अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान महुली अरविंद जायसवाल ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान मनोहर खरवार, उदय शर्मा, सत्यनारायण कन्नौजिया, विकास राज बबलू, शिवम कुमार, सोनू कुमार, सूरज कुमार, रविंदर कुमार, मनीष कुमार और सतेश कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।





Top