Breaking News
बेखबर रफ्तार बनी आफत, दो अलग-अलग हादसों में चार लोग घायल     |     हाथी दांत की तस्करी का भंडाफोड़, संयुक्त कार्रवाई में तीन तस्कर गिरफ्तार     |     शादी के दो माह बाद उजड़ गया सुहाग, सड़क किनारे खून से लथपथ मिला युवक का शव     |     
Share on

  शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट

• महुअरिया निवासी 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया

दुद्धी(सोनभद्र)। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के लिलासी मार्ग पर उस समय सनसनी फैल गई जब सड़क किनारे एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान महुअरिया निवासी 26 वर्षीय समर सिंह, पुत्र मोहन सिंह के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि समर सिंह की शादी महज दो माह पहले ही हुई थी। नई जिंदगी की शुरुआत के बीच हुई इस दर्दनाक घटना से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों ने मामले में हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

• शरीर पर चोट के निशान मिलने का दावा, सभी पहलुओं से जांच में जुटी पुलिस

मृतक के बड़े भाई धर्म सिंह के अनुसार, समर सिंह दोपहर करीब 12:30 बजे घर से सामान्य स्थिति में निकले थे, लेकिन कुछ घंटों बाद उनकी मौत की सूचना मिली। परिजनों का आरोप है कि शव पर गंभीर चोटों के निशान थे तथा चाकू से हमला और पत्थर से प्रहार किए जाने की आशंका है। हालांकि परिवार की ओर से किसी पुराने विवाद की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन उन्होंने इसे हत्या का मामला बताया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की हाल ही में हुई शादी के कारण पूरे गांव और परिवार में शोक का माहौल व्याप्त है।





Top