रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद परियोजना में क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (उत्तर) एवं सीईओ एनएसपीसीएल दिवाकर कौशिक का गरिमामयी दौरा संपन्न हुआ। परियोजना परिसर पहुंचने पर कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख संजय असाटी ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उत्तरा क्लब की अध्यक्षा सीमा कौशिक भी उपस्थित रहीं। अपने दौरे की शुरुआत में दिवाकर कौशिक ने 'बालिका सशक्तीकरण अभियान-2026' की कार्यशाला में भाग ले रही ग्रामीण बालिकाओं से संवाद किया और जन्मदिन समारोह में शामिल होकर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद उन्होंने प्रशासनिक भवन में एसएमसी सदस्यों के साथ बैठक कर संयंत्र के प्रदर्शन की समीक्षा की तथा यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से भी चर्चा की।
• सांस्कृतिक संध्या में प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
दौरे के दौरान दिवाकर कौशिक ने फ्लू गैस डिसल्फराइजेशन (एफजीडी) परियोजना का निरीक्षण किया और एफजीडी स्टेज-1 एवं 3 के लाइम स्टोन एवं जिप्सम हैंडलिंग सिस्टम के विद्युत भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने निर्माणाधीन 20 मेगावाट सौर ऊर्जा प्लांट तथा इनटेक चैनल का भी जायजा लिया। शाम को तरंग प्रेक्षागृह में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में टाउनशिप के विद्यालयों, बाल भवन, ईडब्ल्यूए तथा महिला क्लब वेलफेयर विंग के बच्चों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। अपने संबोधन में दिवाकर कौशिक ने रिहंद परियोजना को उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय का गौरवशाली स्तम्भ बताते हुए यहां की कार्यशैली और उपलब्धियों की सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए। रिहंद परियोजना से प्रस्थान से पूर्व दिवाकर कौशिक, सीमा कौशिक, संजय असाटी तथा वर्तिका महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर एनटीपीसी रिहंद के वरिष्ठ अधिकारी, महिला क्लब की पदाधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
.