वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। विकास खंड दुद्धी के महुली स्थित श्री राजा बरियार शाह खेल मैदान में आयोजित श्री राजा बरियार शाह नाइट कैनवस क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मैच में पकरी की टीम ने घिवही को 58 रन से हराकर अगले चरण में प्रवेश किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पकरी ने 10 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाए। टीम की ओर से निशु ने मात्र 23 गेंदों पर 61 रन की विस्फोटक पारी खेली। जवाब में 167 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी घिवही की टीम निर्धारित ओवरों में 108 रन ही बना सकी। शानदार प्रदर्शन के लिए निशु को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
• शिवाजी तालाब दुद्धी ने जमुई को 102 रन से रौंदा, टिन्नी की तूफानी पारी बनी आकर्षण का केंद्र
दिन के दूसरे मुकाबले में जमुई (झारखंड) और शिवाजी तालाब दुद्धी के बीच टक्कर हुई। पहले बल्लेबाजी करते हुए शिवाजी तालाब दुद्धी ने 10 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 187 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस दौरान टिन्नी ने 31 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि विशाल ने 14 गेंदों पर 43 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जमुई की टीम 10 ओवर में 85 रन ही बना सकी और 102 रन से मुकाबला हार गई। प्रतियोगिता में नंदकिशोर कन्नौजिया, गोलू, संस्कार सिंह और आशु गोस्वामी ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि सोनू कुमार स्कोरर एवं अभिरंजन कुमार कन्नौजिया ने आंखों देखा हाल प्रस्तुत किया। इस दौरान आयोजन समिति के अध्यक्ष अरविंद जायसवाल सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
.