SVG इण्डिया न्यूज रूम
सिंगरौली(मध्यप्रदेश)। माड़ा थाना क्षेत्र के बधौरा चौकी इलाके में स्थित एक निजी पावर प्लांट में कार्यरत 35 वर्षीय श्रमिक अंगद चौधरी की मौत के बाद साथी कामगारों का आक्रोश फूट पड़ा। घटना के बाद बड़ी संख्या में श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया और मृतक के परिजनों को मुआवजा दिए जाने के साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। मृतक मूल रूप से झारखंड के निवासी बताए जा रहे हैं। श्रमिकों का आरोप है कि कार्य के दौरान बॉयलर से गिरने के कारण अंगद चौधरी की मौत हुई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए।
• कंपनी ने हादसे पर जताया शोक, विस्तृत जांच के बाद कार्रवाई की बात कही
कंपनी प्रबंधन की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि ड्यूटी के दौरान एक घातक दुर्घटना में कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया था। कंपनी के अनुसार मृतक को निर्धारित व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) उपलब्ध कराए गए थे और हादसे के बाद साइट की मेडिकल टीम ने तत्काल उपचार एवं बचाव के प्रयास किए, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। कंपनी के जनसंपर्क अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। :::