अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। बभनी थाना क्षेत्र के बरवा टोला गांव के सेवढ़ी टोला में शुक्रवार तड़के एक 19 वर्षीय युवती का शव महुआ के पेड़ से लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान फूलमती पुत्री सोनशाय के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार कुछ ग्रामीण महुआ बीनने गए थे, तभी उन्होंने पेड़ से शव लटकता देखा और शोर मचाया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचित किया। बताया जा रहा है कि मृतका का शव उसके घर से करीब 500 मीटर दूर पेड़ से लटकता मिला।
• पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा
सूचना पर पहुंची बभनी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक दिन्नु प्रसाद यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटनास्थल से एक मोबाइल फोन और टूटा हुआ सिम कार्ड भी बरामद हुआ है। पुलिस प्रेम प्रसंग सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।