रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। म्योरपुर विकासखंड क्षेत्र के सिरसोती ग्राम सभा के टोला कोडार में करीब एक माह पूर्व हुई मूसलाधार बारिश में पुलिया बह जाने से ग्रामीणों का संपर्क प्रभावित हो गया है। उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच आवागमन करने वाले ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कंपोजिट विद्यालय कोडार में पढ़ने वाले नौनिहाल जान जोखिम में डालकर टूटी पुलिया और बहते नाले के पानी से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। बरसात के दौरान नाले का जलस्तर बढ़ने से किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
• बच्चों के साथ ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, डीएम से लगाई गुहार
गुरुवार सुबह ग्राम प्रधान सहित विजय सिंह गोंड, राम सुभाग जायसवाल, रामेश्वर जायसवाल, किशन पाल, सीताराम, दयाराम, विष्णु कांति, हरिचरण और रामसुंदर समेत सैकड़ों ग्रामीण स्कूल जाने वाले बच्चों के साथ टूटी पुलिया के पास पहुंचे। ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आक्रोश जताया और जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर जल्द पुलिया का निर्माण कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि जंगली और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण मार्ग बाधित होने पर आपात स्थिति में भी जरूरी संसाधनों का पहुंचना मुश्किल हो जाता है।
• दो दशक पुरानी पुलिया बारिश में बही, जांच के बाद निर्माण का आश्वासन
बीजपुर-रेणुकूट मुख्य मार्ग से सिरसोती गांव के टोला कोडार को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग का निर्माण पीडब्ल्यूडी और स्थानीय परियोजना के सहयोग से कराया गया है। ग्रामीणों के अनुसार टूटी पुलिया का निर्माण पूर्व ग्राम प्रधान के कोटे से कराया गया था, जो करीब दो दशक बाद भारी बारिश में बह गई। पुलिया के स्थान पर बने नाले में अभी भी तेज बहाव से पानी गुजर रहा है और इसी रास्ते से स्कूली बच्चे, शिक्षक व ग्रामीण आवागमन करने को विवश हैं। इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) म्योरपुर अजय कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर जांच कराई जाएगी और नाले का पानी कम होते ही समुचित पहल कर कार्य कराया जाएगा।
.