रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
* इमरती कॉलोनी एवं मार्केट क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था होगी सुदृढ़
सोनभद्र। जनपद में वर्षाकाल के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने सीएनडीएस, नगर पालिका परिषद, जल निगम तथा आईआईटी कानपुर के विशेषज्ञों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गौरतलब है कि इमरती कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्रों में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या के समाधान के लिए पूर्व में स्थलीय निरीक्षण किया गया था, जिसमें स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों से सुझाव प्राप्त किए गए थे। इसके उपरांत संबंधित विभागों द्वारा विस्तृत सर्वेक्षण कराया गया तथा आईआईटी कानपुर की विशेषज्ञ टीम ने तकनीकी परीक्षण एवं अध्ययन कर विभिन्न विकल्पों का मूल्यांकन किया। बैठक में विशेषज्ञों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट एवं ड्रेनेज डिजाइन की समीक्षा करते हुए बताया गया कि इमरती कॉलोनी से बढ़ौली चौराहा, कचहरी एवं महिला थाना मार्ग होते हुए बेलन नदी तक नाले का निर्माण जल निकासी के लिए सर्वाधिक प्रभावी एवं व्यवहारिक विकल्प होगा। इस प्रस्ताव से क्षेत्र में वर्षाजल का त्वरित एवं सुगम निकास सुनिश्चित हो सकेगा तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान प्राप्त होगा। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात से पूर्व आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पुराने नगर पालिका क्षेत्र का समग्र सर्वेक्षण कर वैज्ञानिक आधार पर नया ड्रेनेज प्लान तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि नागरिकों को जलभराव जैसी समस्याओं से राहत दिलाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।