SVG इण्डिया न्यूज रूम
घोरावल(सोनभद्र)। घोरावल ब्लॉक के मूर्तिया (उभ्भा) गांव में किसानों को जल्द ही बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आवासीय विद्यालय और पुलिस चौकी की स्थापना के बाद अब गांव में साधन सहकारी समिति (बी-पैक्स) भी खोली जाएगी। शासन स्तर से इसके प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। समिति के संचालन से क्षेत्र के 14 से अधिक गांवों के किसानों को खाद, बीज एवं कृषि संबंधी अन्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे उन्हें काफी राहत मिलेगी।
• जिले में बढ़ेगा सहकारी समितियों का दायरा, अन्य क्षेत्रों के लिए भी तैयार हो रहा प्रस्ताव
सहकारिता विभाग के अनुसार जिले में न्याय पंचायत स्तर पर समितियों का गठन किया जा रहा है। जनपद की 67 न्याय पंचायतों में से पहले से 62 साधन सहकारी समितियों (बी-पैक्स) का गठन किया जा चुका है। दूरी अधिक होने वाले क्षेत्रों में शासन के निर्देश पर एक से अधिक समितियां भी खोली जा रही हैं। पिछले वित्तीय वर्ष में चार नई बी-पैक्स समितियों का गठन किया गया था, जिसके बाद जिले में इनकी संख्या बढ़कर 66 हो गई है। अब मूर्तिया ग्राम पंचायत में नई समिति के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, अधिकारियों के अनुसार दुद्धी तहसील क्षेत्र के चौना, सुपाचुआ एवं मधुपुर सहित चार नए स्थानों पर भी साधन सहकारी समितियां खोले जाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।