रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद परिसर स्थित कर्मचारी संगम क्लब (कल्याण केंद्र) में स्थापित गणपति महाराज की प्रतिमा का तीन दिवसीय गणेश उत्सव के बाद श्रद्धा और उल्लास के साथ भव्य शोभायात्रा निकालकर विसर्जन किया गया। ढोल-नगाड़ों और भक्तिमय जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा को भावभीनी विदाई दी। अंतिम दिवस सुबह आठ बजे पूजा-अर्चना और आरती के बाद हवन हुआ, जिसमें परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक संजय असाटी, महाप्रबंधक प्रणय कुमार नायक, महिला मंडल की अध्यक्षा रश्मि मोहंती सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं श्रद्धालु शामिल हुए। इससे पहले 15 सितंबर को आयोजित भोग-प्रसाद में एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं एवं कर्मचारियों ने परिवार सहित प्रसाद ग्रहण किया। स्थानीय कलाकारों उदय उपाध्याय, अज्ञात मिश्रा और मिथिलेश शर्मा ने तीन दिनों तक भजनों से वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा। शोभायात्रा के दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया-मंगल मूर्ति मोरया’, ‘एक-दो-तीन-चार, गणपति की जय-जयकार’ और ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले वर्ष तू जल्दी आ’ के जयघोष से पूरा टाउनशिप गूंज उठा। आयोजन में मंदिर समिति, पूजा समिति और विभिन्न संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया। अंत में गणपति महाराज की प्रतिमा का गोविंद बल्लभ पंत सागर में पूरे भक्तिभाव एवं विधि-विधान से विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
.