Breaking News
दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, तीन लोग घायल     |     गुजरात में सड़क हादसे में मजदूर की मौत, शव पहुंचते ही परिजनों में मचा कोहराम     |     नव पदोन्नत अधिकारियों के पदस्थापन हेतु ऑनलाइन विकल्प की मांग     |     
Share on

  रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव

• ताजिया की ऊंचाई 10 फीट तक सीमित, नई परंपरा पर रोक, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

सोनभद्र। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं अपर पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में धर्मगुरुओं, ताजियादारों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता करते हुए आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ पर्व मनाने का संकल्प लिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ताजिया की ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं होगी तथा किसी भी स्थिति में पेड़ों की डालियों की छंटाई नहीं की जाएगी। साथ ही नई परंपरा की अनुमति नहीं होगी और पूर्व से चिन्हित कर्बला स्थलों पर ही ताजिया दफन किए जाएंगे।

• डीजे की ध्वनि सीमा का पालन अनिवार्य, जुलूस मार्गों की होगी निगरानी

बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी जुलूस में अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखते हुए भ्रामक सूचना, अफवाह या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित किए जाएं, अन्यथा संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों पर लटक रहे तारों को दुरुस्त कराने तथा सभी उप जिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को जुलूस मार्गों, कर्बला स्थलों एवं संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मोहर्रम के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था किए जाने की भी बात कही गई।





Top