मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बिडर ग्राम पंचायत अंतर्गत बावनझरिया गांव निवासी एक युवक की गुजरात में सड़क हादसे में मौत हो गई। शुक्रवार देर शाम उसका पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान रामप्रसाद (25) के रूप में हुई है, जो करीब चार-पांच माह पूर्व मजदूरी करने के लिए बड़ौदा (गुजरात) गया था। शव के गांव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
• हादसे को लेकर परिजनों ने उठाए सवाल, गांव में शोक की लहर
परिजनों के अनुसार 15 जून को रामप्रसाद की पत्नी को मोबाइल फोन के माध्यम से सड़क दुर्घटना में उनकी मौत की सूचना मिली थी। इसके बाद मृतक के ससुर एवं गांव के ठेकेदार के कुछ लोग घर पहुंचे और रामप्रसाद के पिता को गुजरात लेकर गए। मृतक के बड़े भाई शिवप्रसाद ने बताया कि वहां पहुंचने से पहले ही पोस्टमार्टम कराया जा चुका था। परिजनों का आरोप है कि हादसे की परिस्थितियों को लेकर उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई और संतोषजनक जवाब भी नहीं मिला। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे निजी एम्बुलेंस से शव गांव पहुंचा। रामप्रसाद तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनका विवाह लगभग छह वर्ष पूर्व हुआ था तथा उनकी कोई संतान नहीं थी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। कार्यवाहक ग्राम प्रधान श्रवण कुमार ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।