अजीत सिंह संवाददाता
ओबरा(सोनभद्र) | स्थानीय खेल मैदान पर आयोजित वोर्टेक्स कप 2026 रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। खिताबी मुकाबले में आर्यन बिल्ली ओबरा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सुपर किंग को 6 विकेट से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी आर्यन बिल्ली की टीम ने सटीक और धारदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया, जिसके सामने सुपर किंग की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और टीम 8 ओवर में 9 विकेट खोकर 42 रन ही बना सकी। जवाब में 43 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आर्यन बिल्ली ओबरा ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 7 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया और खिताबी जीत दर्ज की। टीम की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले चंद्रप्रकाश को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
• मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता टीम को रमेश सिंह की ओर से ₹51,000 तथा उपविजेता टीम को वोर्टेक्स की ओर से ₹25,000 की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के प्रतिनिधि दीपक केशरी एवं तस्लीम खान सहित विशिष्ट अतिथि निशा बबलू सिंह, अमरदीप सिंह, अजय प्रताप सिंह, रमेश सिंह यादव, अमरजीत कुमार, संतोष साहनी, डब्लू सिंह और गोविंदा जायसवाल मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में राजेश पंडित (आयोजन अध्यक्ष), प्रदीप शर्मा (आयोजन सचिव), अजीत सिंह (मीडिया प्रभारी), अंपायर रोशन सिंह एवं प्रवीण सिंह, स्कोरर हिमांशु कुशवाहा तथा सहयोगी टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।