शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
सोनभद्र(रॉबर्ट्सगंज) | रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने एक युवती की तहरीर पर भदोही जनपद निवासी युवक के खिलाफ रुपये हड़पने, अश्लील फोटो वायरल करने, ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता के अनुसार वह वाराणसी के एक निजी अस्पताल में जीएनएम नर्स के रूप में कार्य करती थी, जहां उसकी पहचान भदोही के सुरियावां थाना क्षेत्र निवासी सुजीत बिंद से हुई थी। परिचय के दौरान युवक का उसके घर आना-जाना भी था।
• फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर फोटो वायरल करने का आरोप
तहरीर के मुताबिक युवक ने मई 2025 में जरूरत बताकर युवती से 80 हजार रुपये उधार लिए थे और जल्द लौटाने का भरोसा दिया था। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर वह टालमटोल करने लगा तथा गाली-गलौज करते हुए अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि चार अप्रैल को युवक ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसकी अश्लील तस्वीरें वायरल कर दीं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।