सौरभ की रिपोर्ट
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नगर में रामसरोवर तालाब में युवक के डूबने की सूचना से हड़कंप मच गया। विवेकानंद प्रेक्षागृह के पास हुई इस घटना के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और तालाब में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। सीओ सदर रणधीर मिश्रा और एएसपी अनिल कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। युवक तालाब में किन परिस्थितियों में गिरा, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित रामसरोवर तालाब शाम होते ही अचानक यहां अफरा-तफरी मच गई।.हमीद नगर निवासी 30 वर्षीय आरिफ उर्फ पाशा, पुत्र वाजिद अहमद, गुरुवार शाम करीब चार बजे तालाब के पास पहुंचा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक युवक तालाब की सीढ़ियों के पास खड़ा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह गहरे पानी में जा गिरा। युवक के तालाब में गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तालाब में तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ भी जुट गई। स्थानीय लोग भी युवक की तलाश में जुटे रहे।
घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी अनिल कुमार और सीओ सदर रणधीर मिश्रा मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। हालांकि युवक तालाब में किन परिस्थितियों में गिरा, यह अभी साफ नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने तालाब की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि तालाब में इन दिनों पानी अधिक है, लेकिन किनारों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, जाली या बाउंड्रीवाल नहीं है। ऐसे में लोगों ने प्रशासन से रामसरोवर तालाब के चारों ओर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। समाचार लिखे जाने तक आरिफ उर्फ पाशा का कोई सुराग नहीं मिल सका था और पुलिस तथा अग्निशमन विभाग की टीम तालाब में लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।