वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास सर्वेक्षण-2024 की स्थायी पात्रता सूची के सत्यापन हेतु विकास खंड दुद्धी की ग्राम पंचायत सलैयाडिह में शुक्रवार को खुली बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया, जहां पात्रता सूची में शामिल 745 लोगों के नाम सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों की सूची को सार्वजनिक कर किसी भी प्रकार की आपत्ति अथवा सुझाव प्राप्त करना था।
• ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और सचिव के कार्यों की सराहना की
बैठक के दौरान योजना से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश साझा किए गए तथा ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान सीमा सिंह एवं ग्राम पंचायत सचिव सुनील कुमार द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से सरकारी योजनाओं की जानकारी समय-समय पर आमजन तक पहुंच रही है। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।