रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपद में विभिन्न राजनीतिक, गैर-राजनीतिक एवं अन्य संगठनों द्वारा आयोजित धरना-प्रदर्शन कार्यक्रमों के सुव्यवस्थित संचालन तथा शासकीय कार्यों के निर्बाध संपादन के उद्देश्य से महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। आदेश के तहत धरना-प्रदर्शन के लिए कलेक्ट्रेट भवन के पीछे स्थित कोषागार कार्यालय के सामने पश्चिम दिशा में एक पृथक स्थल निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में होने वाले धरना-प्रदर्शनों से जनसुनवाई, फरियादियों की समस्याओं के निस्तारण एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों में व्यवधान उत्पन्न होता है, जिसे देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है।
• अन्य स्थानों पर धरना-प्रदर्शन की नहीं होगी अनुमति
जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक सहित सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी धरना-प्रदर्शन केवल निर्धारित स्थल पर ही आयोजित कराए जाएं तथा किसी अन्य स्थान पर इसकी अनुमति न दी जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि संबंधित अधिकारी निर्धारित स्थल पर पहुंचकर ज्ञापन प्राप्त करें और उन पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। डीएम ने स्पष्ट किया कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा तथा इसका कड़ाई से पालन कराया जाएगा, जिससे आमजन की सुविधाएं और प्रशासनिक कार्य प्रभावित हुए बिना लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखी जा सके।