मनीष कुमार संवाददाता
सोनभद्र(दुद्धी)। क्षेत्र में शुक्रवार शाम तेज आंधी-बारिश के दौरान आकाशीय बिजली के झटके से पांच लोग घायल हो गए। घायलों को परिजनों और 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया। परिजनों के अनुसार डुमरडीहा गांव निवासी सुनीता देवी (38) घर की खिड़की के पास बैठी थीं, तभी आकाशीय बिजली के झटके से घायल हो गईं। वहीं बघाडू गांव की बेबी देवी (32) अपने बच्चों के साथ घर के बाहरी कमरे में थीं, जहां बिजली के झटके से वह अचेत हो गईं। हालांकि उनके बच्चे सुरक्षित रहे।
• एक ही परिवार के तीन सदस्य भी हुए प्रभावित
बरखोहरा गांव में एक ही परिवार के नंदनी (8), मनीषा देवी (28) और शकुंतला देवी (45) घर के अंदर भोजन कर रहे थे, तभी आकाशीय बिजली के तेज झटके से तीनों घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार सीएचसी दुद्धी में चल रहा है। चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह ने बताया कि सभी की स्थिति फिलहाल सामान्य और स्थिर है। उन्होंने लोगों से आंधी-तूफान एवं आकाशीय बिजली के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और खुले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।