Breaking News
गोवध निवारण अधिनियम के मामले में दो वांछित गिरफ्तार, स्कॉर्पियो और मोबाइल फोन बरामद     |     औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार, सोनभद्र में 257 करोड़ रुपये से बिछेगा 86 किमी सड़कों का जाल     |     नीट-2026 परीक्षा पर प्रशासन की कड़ी नजर, डीएम-एसपी ने किया केंद्रों का निरीक्षण     |     
Share on

  वीरेंद्र कुमार संवाददाता

• तीन पहिया वाहन से घर लौट रहे दशरथ राम की मौके पर गई जान, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सोनभद्र(विंढमगंज)। थाना क्षेत्र के सलैयाडिह ग्राम पंचायत में रांची-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन पहिया वाहन से घर जा रहे दिव्यांग व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया, जबकि क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, सलैयाडिह निवासी 40 वर्षीय दशरथ राम, जो दोनों पैरों से दिव्यांग थे, कोन मोड़ चौराहे से अंबेडकर चौराहा स्थित अपने घर की ओर तीन पहिया वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान दुद्धी की ओर से आ रहे कोयला लदे ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक की दिव्यांग पत्नी अंशु देवी, पुत्रियां प्रियांशी (10 वर्ष) और नंदनी (8 वर्ष), मां तथा अन्य परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बताया गया कि मृतक का बड़ा पुत्र जयप्रकाश (14 वर्ष) बाहर मजदूरी करने गया हुआ है।

• परचून की दुकान से चल रहा था परिवार का खर्च

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अभिषेक प्रताप सिंह ने बताया कि दशरथ राम अपनी दिव्यांग पत्नी, बच्चों और मां का भरण-पोषण एक छोटी परचून की दुकान के माध्यम से करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया तथा मार्ग पर लगी वाहनों की लंबी कतार को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।





Top