रघुराज सिंह संवाददाता
सोनभद्र(बीजपुर)। एनटीपीसी रिहंद सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट में रविवार को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। वर्ष 2026 के लिए निर्धारित मुख्य थीम "आयु के लिए योग" (Yoga for Healthy Ageing) के तहत कर्मचारी कल्याण केंद्र में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजय असाटी, कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख (रिहंद) रहे। उनके तथा वर्तिका महिला मंडल की अध्यक्षा का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महिलाओं एवं बच्चों के योग समूह द्वारा विभिन्न योग मुद्राओं के प्रदर्शन से हुई। इस अवसर पर आमंत्रित योग प्रशिक्षक ने उपस्थित जनसमूह को विभिन्न आसनों, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम आदि का अभ्यास कराया।
• योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का किया आह्वान
इस अवसर पर मुख्य अतिथि संजय असाटी ने कहा कि योग विश्व समुदाय को भारत द्वारा दिया गया एक अनमोल उपहार है, जो शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में स्वस्थ रहने के लिए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। कार्यक्रम में वर्तिका महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) प्रणय कुमार नायक, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी, एनटीपीसी के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में उनके परिजनों ने सहभागिता कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। अंत में सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।