मंजय वर्मा की रिपोर्ट
मिर्जापुर। मंडलीय जिला चिकित्सालय के अल्ट्रासाउंड सेंटर में मरीजों को तत्काल जांच के बजाय कई दिनों बाद की तारीख दिए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। अधिवक्ता अनुराग दुबे ने इस संबंध में जिलाधिकारी से शिकायत कर आरोप लगाया था कि अल्ट्रासाउंड कराने आने वाले मरीजों को कचहरी की तरह एक सप्ताह बाद की तिथि दी जा रही है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक द्वारा मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। समिति के अध्यक्ष को आवश्यक अभिलेखों के साथ जांच आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
• शिकायतकर्ता को साक्ष्यों के साथ तलब किया गया, 22 जून को होगी सुनवाई
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार अधिवक्ता अनुराग दुबे को 22.06.2026 को पूर्वाह्न 11 बजे संबंधित प्रकरण से जुड़े साक्ष्य एवं अभिलेखों के साथ कार्यालय में उपस्थित होने के लिए कहा गया है, ताकि मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जा सके। जारी आदेश की प्रतिलिपि प्रधानाचार्य, मां विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक तथा जांच समिति के सभी सदस्यों को भेजी गई है। मरीजों को हो रही असुविधा के आरोपों के बीच अब समिति की जांच रिपोर्ट पर सभी की निगाहें टिकी हैं।