मनीष कुमार संवाददाता
सोनभद्र(दुद्धी)। लखनऊ में कोचिंग सेंटर में हुई घटना के बाद शासन के निर्देश पर प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को एसडीएम निखिल यादव, फायर विभाग के सब इंस्पेक्टर करन सिंह यादव तथा दुद्धी इंस्पेक्टर डी.के. सिंह ने संयुक्त रूप से कस्बे के कोचिंग एवं लाइब्रेरी सेंटरों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान जाया डिजिटल लाइब्रेरी में निकास मार्ग और पर्याप्त वेंटिलेशन सहित अन्य सुरक्षा मानकों का अभाव मिलने पर उसे तत्काल सील कर दिया गया। इसके बाद सत्येश कोचिंग सेंटर का निरीक्षण किया गया, जहां संचालक को आवश्यक अभिलेख उपलब्ध होने तक संस्थान बंद रखने की चेतावनी दी गई।
फायर एनओसी समेत अन्य मानकों की जांच, नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान डीसीडीएफ स्थित सक्सेस लाइब्रेरी में फायर एनओसी नहीं मिलने तथा भवन आवासीय पाए जाने पर उसे भी सील कर दिया गया। एसडीएम निखिल यादव ने बताया कि मानकों के विपरीत संचालित दो डिजिटल लाइब्रेरी—जाया डिजिटल लाइब्रेरी और सक्सेस लाइब्रेरी—को सील किया गया है। अन्य कोचिंग संस्थानों को भी निर्धारित मानकों का पालन करने की चेतावनी दी गई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में कोई भी संस्थान नियमों के विपरीत संचालित मिलता है तो उसके विरुद्ध बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।