Breaking News
भारी बारिश के चलते 26 सितंबर को सोनभद्र के सभी स्कूल-कॉलेज बंद     |     भारी बारिश के चलते 26 सितंबर को बंद रहेंगे कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल     |     घर में घुसा करीब तीन फीट लंबा कोबरा, मची अफरा-तफरी     |     
Share on

  SVG इण्डिया न्यूज रूम

• विभागीय कार्य से रेणुकूट पहुंचे थे सत्यपाल प्रसाद, परिवार में मचा कोहराम

रेणुकूट(सोनभद्र)। स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित एक निजी अतिथि गृह में गुरुवार देर रात वन निगम के डिप्टी लॉगिंग मैनेजर (डीएलएम) सत्यपाल प्रसाद (40) का शव मिला। वह विभागीय कार्य से रेणुकूट पहुंचे थे। सूचना मिलने पर पिपरी पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को हिंडालको मोर्चरी में रखवाया गया। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और वन निगम के बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी मोर्चरी पहुंच गए।

बताया गया कि सत्यपाल प्रसाद पुत्र जयराम प्रसाद मूल रूप से देवरिया जिले के भटनी सलेमपुर क्षेत्र के ग्राम भरहे चौरा के निवासी थे। उनकी मूल तैनाती मिर्जापुर डिविजन में थी और उनके पास पिपरी डिविजन का अतिरिक्त प्रभार भी था। गुरुवार शाम करीब सात बजे वह विभागीय कार्य से रेणुकूट पहुंचे और अतिथि गृह में ठहरे थे। देर रात चालक ने मोबाइल पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन जवाब नहीं मिलने पर वह अतिथि गृह पहुंचा। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया है। मौत के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक के परिवार में पत्नी और करीब तीन व पांच वर्ष के दो छोटे बच्चे हैं। घटना से परिजनों और विभागीय कर्मचारियों में शोक का माहौल है।





Top