मनीष कुमार संवाददाता
सोनभद्र। नदी में नहाने गए तीन किशोर गहरे पानी में डूब गए, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार संदीप (18) पुत्र रविंद्र कुमार एवं बोल बम (16) पुत्र लोधी नदी में नहाते समय गहरे पानी में समा गए। दोनों की तलाश के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और बचाव कार्य जारी था, तभी दीपक (15) पुत्र भगवान दास भी नदी में डूब गया। सूचना मिलते ही प्रशासन, गोताखोर और राहत टीम मौके पर पहुंची तथा देर शाम तक तीनों की तलाश जारी रही। समाचार लिखे जाने तक किसी के शव मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।
बालू खनन पर उठे सवाल, जांच के आश्वासन के बाद भी क्षेत्र में तनाव
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बालू साइट के पास विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि बालू खनन के दौरान नदी में गहरी खुदाई किए जाने से बड़े-बड़े गड्ढे बन गए, जिनके कारण यह हादसा हुआ। लोगों ने जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास करते हुए पूरे मामले की जांच का आश्वासन दिया। क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।