सौरभ की रिपोर्ट
लखनऊ। राजकीय शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार गौतम के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने नव नियुक्त माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल से शिष्टाचार भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रवक्ता एवं सहायक अध्यापकों की लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया प्रारंभ कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में प्रांतीय संरक्षक डॉ. सालिक राम प्रजापति, प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सत्यम शिवम सुन्दरम तथा प्रांतीय महामंत्री डॉ. अशोक कुमार अवाक भी शामिल रहे। ज्ञापन में एलटी महिला संवर्ग की गोपनीय आख्या तीन बार मांगे जाने के बावजूद कार्रवाई न होने तथा प्रवक्ता संवर्ग की वर्षों से लंबित पदोन्नति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
मानव संपदा पोर्टल पर डेटा अपलोड कर पदोन्नति प्रक्रिया तेज करने के निर्देश
माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए प्रकरण को तत्काल अपर शिक्षा निदेशक (राजकीय) अजय कुमार द्विवेदी को संदर्भित किया। साथ ही अपने वैयक्तिक सहायक को सहायक अध्यापकों एवं प्रवक्ताओं का संपूर्ण विवरण मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश दिए, ताकि पोर्टल के माध्यम से पदोन्नति की प्रक्रिया को शीघ्र और सुगम बनाया जा सके। संघ ने आशा जताई कि इससे लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया जल्द प्रारंभ होगी।