रघुराज सिंह संवाददाता
(बीजपुर)सोनभद्र। एनटीपीसी रिहंद द्वारा रेड क्रॉस सोसायटी, सिंगरौली के सहयोग से धन्वंतरी चिकित्सालय में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व और इसके जीवन रक्षक योगदान के प्रति लोगों को जागरूक करना था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) प्रणय कुमार नायक ने कर्मचारियों से रक्तदान को सामाजिक उत्तरदायित्व और मानव सेवा का नियमित माध्यम बनाने का आह्वान किया।
• रक्तदान को बताया मानव सेवा का सर्वोच्च कार्य
शिविर में एनटीपीसी के कर्मचारियों, सीआईएसएफ के जवानों तथा धन्वंतरी चिकित्सालय के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसके परिणामस्वरूप कुल 38 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर धन्वंतरी चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सी.एस. पीटर्स ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सा विशेषज्ञों, तकनीकी कर्मचारियों, एनटीपीसी प्रबंधन और रेड क्रॉस सोसायटी, सिंगरौली के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से यह जनहित का अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।