SVG इण्डिया न्यूज रूम
(घोरावल)सोनभद्र। नगर के उसरहवा बस्ती स्थित हुसैनी अखाड़ा के तत्वावधान में 10वीं मोहर्रम पर अकीदत और एहतराम के साथ ताजिया जुलूस निकाला गया। दोपहर करीब दो बजे हजारों की संख्या में अकीदतमंद बड़ी चौक वार्ड संख्या-1 पहुंचे, जहां "या हुसैन, या अली" के नारों और मातमी नोहा के बीच ताजिया उठाया गया। ताजिया को कंधों पर लेकर जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए गौड़म साव की गली पहुंचा, जहां बिसरेखी और सिरसाई के ताजियों का मिलन हुआ। इसके बाद मुक्खा मोड़ पर नौगई के ताजिए के आने तक ताजियों को सम्मानपूर्वक स्थापित किया गया। इस दौरान हुसैनी अखाड़े के खिलाड़ियों ने लाठी और लकड़ी के पारंपरिक हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन कर लोगों का मन मोह लिया।
• कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कर्बला में मिट्टी दफन कर संपन्न हुई रस्म
मोहर्रम जुलूस के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह, चौकी प्रभारी आशुतोष सिंह, क्राइम इंस्पेक्टर भानु प्रताप सिंह, महिला पुलिसकर्मियों, पीएसी एवं पुलिस बल ने पूरे नगर में लगातार भ्रमण कर शांति व्यवस्था बनाए रखी। रात्रि करीब नौ बजे जुड़िया कर्बला में "या हुसैन, या अली" के नारों के बीच पूरे अदब और एहतराम के साथ मिट्टी दफन करने की रस्म अदा की गई। इस अवसर पर पूर्व विधायक रमेश चंद दुबे, जिला पंचायत सदस्य नीरज श्रीवास्तव, बरकत अली, मोहम्मद हनीफ, रमजान अली, मोहम्मद नईम, हसनैन अंसारी, मुमताज अली, इमरान मंसूरी, मोहम्मद खालिद, काजू अग्रहरि, समीम अहमद, असगर अली सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।