रिपोर्ट: परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
• आधुनिक GNSS तकनीक से होगी भूमि की सटीक पैमाइश, सीमा विवादों में मिलेगी राहत
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश सरकार की ऐतिहासिक पहल के तहत धारा-24 के अंतर्गत जनपद की सभी तहसीलों में 1 जुलाई 2026 से 15 अगस्त 2026 तक रोवर (GNSS) तकनीक के माध्यम से विशेष भूमि पैमाइश अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि प्रत्येक तहसील में रोवर उपलब्ध रहेगा, जिससे कम समय में भूमि की वास्तविक स्थिति का सटीक निर्धारण किया जा सकेगा। आधुनिक तकनीक से की जाने वाली यह पैमाइश राजस्व अभिलेखों के अनुरूप होगी और भूमि संबंधी विवादों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
• सही रिकॉर्ड और अधिकार सुनिश्चित करने के लिए आगे आएं भू-स्वामी
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि इस अभियान से सीमा विवाद, अनावश्यक मुकदमेबाजी तथा पैमाइश संबंधी त्रुटियों में कमी आएगी। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि जिनकी भूमि की पैमाइश लंबित है, वे संबंधित तहसील से संपर्क कर रोवर तकनीक के माध्यम से अपनी भूमि की पैमाइश कराएं, ताकि राजस्व अभिलेखों में सही रिकॉर्ड दर्ज हो और भू-स्वामियों के अधिकार सुरक्षित रह सकें।