रघुराज सिंह संवाददाता
(बीजपुर)सोनभद्र। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत महुली के टोला जलजलिया स्थित परिषदीय विद्यालय में मंगलवार को थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जन चौपाल आयोजित की गई। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए उन्हें भूमि संबंधी विवादों, साइबर अपराध और सरकारी योजनाओं के नाम पर होने वाली ठगी से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति को बिना सत्यापन के ओटीपी, आधार कार्ड अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
• थाना समाधान दिवस में दस्तावेजों के साथ पहुंचने की अपील, संदिग्ध कॉल और प्रलोभनों से सतर्क रहने की सलाह
बरसात के मौसम में मेड़ काटने, रास्ते और खेत की सीमाओं को लेकर बढ़ने वाले भूमि विवादों पर भी ग्रामीणों को समझाइश दी गई कि किसी के बहकावे में आकर विवाद या मारपीट न करें। ऐसे मामलों के समाधान के लिए थाना समाधान दिवस में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर राजस्व टीम से जांच कराने की सलाह दी गई। साथ ही पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति पुलिस अधिकारी बनकर कार्रवाई या जेल भेजने की धमकी दे अथवा आवास, शौचालय, पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर ओटीपी या अन्य जानकारी मांगे तो तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दें और ग्राम प्रधान या सचिव से पुष्टि किए बिना किसी भी प्रकार की जानकारी साझा न करें।