मनीष कुमार संवाददाता
(दुद्धी)सोनभद्र। उपजिलाधिकारी निखिल यादव के नेतृत्व में मंगलवार को कस्बे में एनएच-39 के किनारे सार्वजनिक पटरियों और नालियों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। नगर पंचायत कर्मचारियों और कोतवाली पुलिस की मौजूदगी में कचहरी रोड सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे रखे गए सामान, ठेले और अवैध कब्जों को हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। प्रशासन ने बताया कि कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस एवं सूचना दी गई थी।
• नियमों का पालन नहीं करने पर होगी सख्त कार्रवाई, लोगों से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील
अभियान के दौरान अतिक्रमण करने वालों से आवश्यक प्रपत्र भरवाए गए तथा चालान की कार्रवाई के साथ भविष्य में कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। एसडीएम निखिल यादव ने कहा कि नगर क्षेत्र में सार्वजनिक मार्गों और नालियों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील करते हुए कहा कि इससे सड़क पर जाम और दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी। अभियान के दौरान कोतवाली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखी।