SVG इण्डिया न्यूज डेस्क
सोनभद्र। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज एवं उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने चतरा ब्लॉक क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। अपर जिला कृषि अधिकारी संदीप कुमार मौर्य के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान नियमों के उल्लंघन और अनियमितताएं मिलने पर दो बीज विक्रेताओं तथा एक उर्वरक विक्रेता का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निरीक्षण के दौरान किरहुलिया बैरियर स्थित धनंजय खाद एवं बीज भंडार बंद मिला। विभाग के अनुसार निरीक्षण नहीं हो पाने को गंभीर अनियमितता मानते हुए प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित किया गया तथा संबंधित थोक उर्वरक विक्रेता को उक्त प्रतिष्ठान को खाद की आपूर्ति नहीं करने के निर्देश दिए गए।
• अभिलेख अधूरे मिलने पर नोटिस, बीज गुणवत्ता जांच के लिए नमूने लिए गए
अभियान के दौरान रामगढ़ स्थित रामेश्वर खाद भंडार में अभिलेख अधूरे मिलने पर संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। वहीं बीजों की गुणवत्ता की जांच के लिए पांच प्रतिष्ठानों से नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गए। जांच में सम्राट सीड कंपनी, बरकुनिया (रामपुर-रामगढ़) तथा गर्व बीज भंडार, चतरा में बीज अधिनियम-1966 और सीड कंट्रोल ऑर्डर-1983 के प्रावधानों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर दोनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया कि खरीफ सीजन में किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।