शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
शक्तिनगर(सोनभद्र)। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शनिवार को थाना शक्तिनगर का औचक निरीक्षण कर थाना कार्यालय, आगंतुक कक्ष, अभिलेख, अपराध रजिस्टर, मालखाना, सीसीटीएनएस प्रणाली, सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन रखने, थाना परिसर की स्वच्छता बनाए रखने तथा कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मिशन शक्ति कक्ष, महिला हेल्प डेस्क और साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर महिलाओं से संबंधित मामलों एवं साइबर शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
• ग्राम प्रहरियों को वितरित किए साफा, टॉर्च व सीटी
निरीक्षण के दौरान 60 और 90 दिनों से अधिक लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए विवेचकों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण, वैज्ञानिक साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग, वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा न्यायालय संबंधी कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने थाना मेस, बैरक और रिक्रूट आरक्षियों की कार्यशैली का भी निरीक्षण किया तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना तंत्र मजबूत करने के उद्देश्य से ग्राम प्रहरियों को साफा, टॉर्च और सीटी वितरित कर अपराध एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील की।