Breaking News
पिकअप की टक्कर से ऑटो और बाइक सवार चपेट में, कई घायल     |     घर में घुसकर दंपति से मारपीट का आरोप     |     नाबालिग छात्राओं से दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार     |     
Share on

  रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव

• 50 एकड़ में बनेगा सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र, शासन को भेजा गया प्रस्ताव

मारकुंडी(सोनभद्र)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जिले में औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि युवाओं को प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर एक ही मंच पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मारकुंडी में 50 एकड़ भूमि पर सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही परियोजना पर कार्य शुरू किया जाएगा। प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र में स्किल डेवलपमेंट सेंटर, औद्योगिक इकाइयां, उत्पादों के आउटलेट तथा हरित आवरण विकसित किया जाएगा। यहां आईटी, एआई, रोबोटिक्स, मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स और हॉस्पिटैलिटी जैसे आधुनिक क्षेत्रों के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही स्थानीय एमएसएमई, स्टार्टअप और नए उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे जिले में निवेश और आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होने की उम्मीद है।

• प्लग-एंड-प्ले सुविधा के साथ बनेगा हाईटेक औद्योगिक क्षेत्र, 15.99 करोड़ से बनेगी संपर्क सड़क

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र को प्लग-एंड-प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर के तहत विकसित किया जाएगा, जहां बिजली, पानी, सड़क, सीवरेज और इंटरनेट जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। तैयार फैक्ट्री शेड्स के माध्यम से उद्यमी मशीनें स्थापित कर शीघ्र उत्पादन शुरू कर सकेंगे। इसके अलावा गुरमा मोड़ से औद्योगिक क्षेत्र तक लगभग 15.99 करोड़ रुपये की लागत से संपर्क सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जिससे कच्चे माल और तैयार उत्पादों के परिवहन में आसानी होगी तथा उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ेगी। प्रशासन का मानना है कि यह परियोजना सोनभद्र को पूर्वांचल और विंध्य क्षेत्र के प्रमुख औद्योगिक, कौशल विकास एवं रोजगार केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।





Top