SVG इण्डिया न्यूज डेस्क
कोन(सोनभद्र)। थाना कोन पुलिस ने नाबालिग छात्राओं से दुष्कर्म के प्रयास एवं लैंगिक अपराध के मामले में वांछित एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार प्राथमिक विद्यालय धोबी बस्ती, कुड़वा में कार्यरत शिक्षक पर विद्यालय बंद होने के बाद कार्यालय कक्ष में नाबालिग छात्राओं के साथ अशोभनीय एवं आपराधिक कृत्य करने के प्रयास का आरोप है। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर मामले में गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी टीपू सुल्तान (34) निवासी रामगढ़, थाना पन्नूगंज को तिलगुड़वा मोड़, कस्बा कोन से गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया।
• मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर की गई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान एवं मिशन शक्ति के तहत की गई। पुलिस का कहना है कि महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़े मामलों में साक्ष्यों के आधार पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है तथा ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।