अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के नधिरा गांव में एक दंपति ने कुछ लोगों पर घर का दरवाजा तोड़कर जबरन घुसने, मारपीट करने, अवैध कब्जे का प्रयास करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता रजवंती देवी, पत्नी रामसहाय, ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि रविवार सुबह करीब 8:30 बजे गोपाल पुत्र राजेश, राजेश पुत्र सीताराम तथा उनके कुछ साथी घर में घुस आए। आरोप है कि भूमि पर कथित अवैध कब्जे का विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों एवं हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उन्हें और उनके पति को चोटें आईं।
• निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग, पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे परिवार भय के माहौल में है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई, जान-माल की सुरक्षा तथा कथित अवैध कब्जे के प्रयास को रोकने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक दीन्नू प्रसाद यादव ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है और आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।