वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी एवं धन्वंतरि सेवा न्यास, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम पंचायत धूमा के पंचायत भवन में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में किंग जॉर्ज मेडिकल विश्वविद्यालय, लखनऊ के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो. सूर्यकांत एवं डॉ. अंकित कुमार (एसोसिएट प्रोफेसर) ने अपनी सेवाएं दीं। इसके अलावा स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय सोनभद्र के डॉ. नागेंद्र कुमार, डॉ. रामचंद्र, जिला क्षय रोग केंद्र के डॉ. जगदीश पटेल, सतीश सोनकर, सीएचसी दुद्धी के अधीक्षक डॉ. शाह आलम, डॉ. गौरव सिंह, डॉ. दिलीप कुमार सहित अन्य चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर निःशुल्क दवाओं का वितरण किया। शिविर में करीब 400 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया, जबकि 40 मरीजों के बलगम के नमूने जांच के लिए लिए गए और 75 मरीजों का एक्स-रे किया गया।
• टीबी उन्मूलन और स्वच्छता को लेकर किया गया जागरूक
शिविर में प्रो. सूर्यकांत ने भारत सरकार के टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी से बचाव, बेहतर स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता श्रवण गौड़ ने कहा कि जनसेवा के उद्देश्य से ऐसे स्वास्थ्य शिविर भविष्य में भी आयोजित किए जाते रहेंगे तथा लोगों को स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। शिविर के सफल आयोजन में ग्राम प्रधान रामप्रसाद यादव, हरिहर यादव, दिनेश यादव सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।