Breaking News
सर्पदंश: सोते समय महिला को करैत ने डंसा, अस्पताल में भर्ती     |     .रिहंद जलाशय में युवक की संदिग्ध मौत, दूसरे दिन मिला शव     |     राष्ट्रीय विद्युत सुरक्षा सप्ताह का सफलतापूर्वक हुआ आयोजन     |     
Share on

  रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव

• अंतरराज्यीय गिरोह के दो तस्कर गिरफ्तार, झारखंड में तैयार होनी थी नकली शराब

सोनभद्र। अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय नकली शराब गिरोह का पर्दाफाश करते हुए करीब 25 लाख रुपये कीमत की शराब निर्माण सामग्री और एक ट्रेलर बरामद किया है। पुलिस ने हरिओम पवार और दिनेश पवार, निवासी झज्जर (हरियाणा) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बट गांव स्थित एक ढाबे पर खड़े ट्रेलर की तलाशी के दौरान 600 लीटर रेक्टिफाइड स्पिरिट, करीब 46 किलोग्राम कैरेमल, 5 लीटर फ्लेवरिंग एसेंस, 160 यूनाइटेड स्पिरिट ब्रांड के पैकिंग टेप, विभिन्न ब्रांडों की 36 हजार कांच की शराब की बोतलें तथा अन्य सामग्री बरामद हुई। बरामद सामग्री और वाहन की अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई गई है।

• पंजाब से झारखंड के रास्ते बिहार तक फैला था गिरोह का नेटवर्क

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पंजाब के खन्ना (लुधियाना) से शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री लेकर झारखंड के हरिहरगंज जा रहे थे, जहां नकली शराब तैयार कर नामी कंपनियों की पैकिंग में भरकर बिहार में अवैध रूप से सप्लाई की जानी थी। आरोपियों ने यह भी बताया कि परिवहन के लिए फर्जी बिल्टियां और दस्तावेज तैयार किए जाते थे तथा एक ही पंजीकरण संख्या का उपयोग कई वाहनों में किया जाता था। इस मामले में रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की तलाश में जुट गई है।





Top