रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। एनटीपीसी विंध्याचल के विद्युत अनुरक्षण (ईएमडी) विभाग द्वारा 26 जून से 2 जुलाई 2026 तक राष्ट्रीय विद्युत सुरक्षा सप्ताह का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। सप्ताहभर चले इस अभियान का उद्देश्य कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों में विद्युत सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, व्यावहारिक सुरक्षा कौशल विकसित करना तथा सुरक्षित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना रहा। अभियान के दौरान "सभी दुर्घटनाएँ रोकी जा सकती हैं" संदेश को प्रमुखता से प्रचारित किया गया। इस अवसर पर विद्युत सुरक्षा प्रश्नोत्तरी, सुरक्षा मार्च, लॉक-आउट टैग-आउट प्रशिक्षण, एचटी ब्रेकर संचालन का प्रदर्शन, इंसुलेटेड टूल्स का उपयोग, नॉन-कॉन्टैक्ट वोल्टेज डिटेक्टर प्रशिक्षण, प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर अभ्यास सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
• 200 से अधिक संविदाकर्मियों को दिया गया विशेष सुरक्षा प्रशिक्षण
अभियान के तहत स्टेज-1 से स्टेज-5 तक के 200 से अधिक संविदाकर्मियों को जोखिमपूर्ण विद्युत कार्यों, सुरक्षित आइसोलेशन, अर्थिंग, इंटरलॉक, सुरक्षा प्रणालियों, आपातकालीन प्रतिक्रिया तथा विद्युत उपकरणों के सुरक्षित संचालन से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। एनटीपीसी विंध्याचल ने बताया कि इस पहल से कर्मचारियों एवं संविदाकर्मियों में सुरक्षित कार्य प्रणाली के प्रति जागरूकता और मजबूत हुई है तथा यह संस्थान की "जीरो हार्म, जीरो इंसिडेंट" की प्रतिबद्धता को और सशक्त बनाती है।
.