रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के महरीकला गांव में बुधवार देर रात घर में सो रहे पांच वर्षीय बालक की करैत सांप के डसने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रोहित (5) पुत्र सुरेंद्र बैगा अपने परिजनों के साथ जमीन पर सो रहा था, तभी देर रात एक विषैले करैत सर्प ने उसके सीने पर डंस लिया। बालक की चीख-पुकार सुनकर परिजन जागे और वाहन की व्यवस्था कर उसे तत्काल सीएचसी म्योरपुर ले गए। वहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन विष अधिक फैल जाने के कारण उसकी जान नहीं बच सकी।
• पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
चिकित्सकों के अनुसार यदि सर्पदंश के तुरंत बाद बालक को अस्पताल पहुंचा दिया जाता तो उसके बचने की संभावना अधिक थी, लेकिन अस्पताल पहुंचने में हुई देरी घातक साबित हुई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर बीजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि सर्पदंश से बालक की मौत की सूचना मिली है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।