शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
घोरावल(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के बिसुन्धरी गांव में बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार प्रियांशु मौर्य (22) पुत्र रामचंदर घर की छत पर नहाने गए थे, तभी वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने पर परिजन उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल और बाद में जिला अस्पताल लोढ़ी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
• पुलिस ने शुरू की पंचनामा की कार्रवाई
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फौती सूचना के आधार पर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।