मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के गुलालझरिया गांव में गुरुवार सुबह भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। बताया जा रहा है कि विवादित भूमि के एक हिस्से का एक दिन पहले राजस्व विभाग द्वारा सीमांकन किया गया था। गुरुवार को एक पक्ष खेत में जुताई और खेती का कार्य करने पहुंचा, जिसका दूसरे पक्ष ने विरोध किया। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते लाठी-डंडों से मारपीट में बदल गई। घटना में अजय यादव (30), फूलवती देवी, शांति देवी और ललिता देवी घायल हो गए, जिन्हें एंबुलेंस से सीएचसी दुद्धी में भर्ती कराया गया।
• मारपीट का आरोप, तहरीर मिलने पर दर्ज होगा मुकदमा
घायलों ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों से हमला कर घायल करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि विवादित भूमि को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से न्यायालय में मामला विचाराधीन है और हिस्सेदारी को लेकर विवाद चला आ रहा है। दुद्धी कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मारपीट की सूचना मिली है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।