मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा ट्रांसफर नीति के तहत प्रदेश के 182 पीसीएस अधिकारियों (उप जिलाधिकारियों) के तबादले किए गए हैं। इसी क्रम में दुद्धी के उप जिलाधिकारी निखिल यादव का तबादला भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण कर दिया गया है। वहीं शासन ने जनपद सोनभद्र के लिए वर्ष 2020 बैच के तीन पीसीएस अधिकारियों रवि कुमार, आकांक्षा गौतम एवं विशाल कुमार की तैनाती की है। हालांकि तीनों अधिकारियों को जिले की किस तहसील अथवा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, इसका निर्णय प्रशासन द्वारा जल्द किया जाएगा।
• नए उप जिलाधिकारियों की तैनाती को लेकर बढ़ी उत्सुकता
एसडीएम निखिल यादव के स्थानांतरण की जानकारी सामने आने के बाद दुद्धी क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। उनके कार्यकाल को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। जहां कुछ लोगों ने उनके तबादले पर चिंता जताई है, वहीं कुछ किसानों एवं स्थानीय नागरिकों ने इसे सकारात्मक बदलाव बताते हुए खुशी व्यक्त की है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जिले में आए नए उप जिलाधिकारियों को किस स्थान पर तैनाती मिलती है और दुद्धी तहसील की जिम्मेदारी किस अधिकारी को सौंपी जाती है।