रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिरसोती के टोला नक्तू में रविवार रात अज्ञात चोरों ने सूने घर को निशाना बनाते हुए सेंधमारी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर के पीछे खिड़की के पास सेंध लगाकर अंदर दाखिल हुए और एक-एक कमरे, बेड, अलमारी व संदूक को खंगाल डाला। पीड़ित के अनुसार चोर करीब 35 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, कपड़े तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
• ड्यूटी से लौटे परिजन को टूटी सेंध देख हुई घटना की जानकारी
सोमवार सुबह ड्यूटी से लौटे मुकेश ने घर का मुख्य दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। पहले उन्हें लगा कि घर में कोई परिजन मौजूद होगा, लेकिन काफी देर तक आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद जब वह घर के पीछे पहुंचे तो खिड़की के पास सेंध लगी देख उनके होश उड़ गए। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।