SVG इण्डिया न्यूज रूम
(सोनभद्र)। जिले में संचालित अवैध अस्पतालों के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अवैध अस्पतालों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेता शत्रुजय मिश्रा ने आरोप लगाया कि जिले में अवैध अस्पतालों के संचालन के कारण मरीजों की जान जोखिम में पड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछले एक महीने में प्रसव के दौरान चार महिलाओं की मौत हुई है तथा इलाज के नाम पर धन उगाही की जा रही है।
• नोडल अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अवैध अस्पतालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने मांग की कि ऐसे अस्पतालों को तत्काल सील कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। कांग्रेस नेता शत्रुजय मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी जनहित में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।