रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। डीएवी पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी रिहंदनगर में आयोजित तीन दिवसीय डीएवी जोनल स्पोर्ट्स मीट का भव्य शुभारंभ एनटीपीसी रिहंदनगर के परियोजना प्रमुख सह कार्यकारी निदेशक संजय असाटी एवं महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी ने किया। इस अवसर पर डीएवी यूपी जोन-डी की एआरओ संध्या पांडे भी मौजूद रहीं। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न डीएवी विद्यालयों की 361 बालिकाएं हिस्सा ले रही हैं। कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स एवं प्रतिभागी छात्राओं ने आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया, जिसके बाद मुख्य अतिथि ने खेल मशाल प्रज्ज्वलित कर विद्यालय की हेड गर्ल दुर्गा को सौंपी। राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी छात्राओं ने मशाल के साथ पूरे स्टेडियम का चक्कर लगाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
• कबड्डी मुकाबले से हुई प्रतियोगिता की शुरुआत, परासी ने दर्ज की पहली जीत
विद्यालय के प्राचार्य राजकुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए एनटीपीसी प्रबंधन और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्य अतिथि संजय असाटी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और सभी खिलाड़ियों से अनुशासन व खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन का आह्वान किया। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला अंडर-17 बालिका वर्ग की कबड्डी में डीएवी रॉबर्ट्सगंज और डीएवी परासी के बीच खेला गया, जिसमें डीएवी परासी ने तीन अंकों से जीत दर्ज की। प्रतियोगिता का समापन 6 अगस्त को होगा तथा विजेता खिलाड़ी अगले स्तर की स्पर्धाओं के लिए चयनित किए जाएंगे।
.