रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। श्रावण मास के पावन अवसर पर बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए कांवड़ियों का जत्था बुधवार तड़के रवाना हुआ। श्रद्धालुओं ने यात्रा शुरू करने से पहले मां दूदहिया माता मंदिर और बेड़िया हनुमान मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। इसके बाद श्रद्धालु "बोल बम" के जयघोष के साथ बाबा धाम की ओर प्रस्थान कर गए।
• 115 किलोमीटर पैदल यात्रा कर करेंगे जलाभिषेक
वर्षों से कांवड़ यात्रा कर रहे सुभाष यादव, उपेंद्र प्रताप सिंह, संदीप उपाध्याय, विजय, गुड्डू और वीरेंद्र कुमार ने बताया कि वे सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा से जल लेकर लगभग 115 किलोमीटर की पैदल यात्रा के बाद बाबा बैद्यनाथ एवं बासुकीनाथ में जलाभिषेक करेंगे। बेड़िया हनुमान मंदिर के पुजारी आचार्य अनूप शुक्ला ने विधि-विधान से कांवड़ियों का पूजन कर उन्हें मंगलमय यात्रा का आशीर्वाद दिया। इस दौरान मंदिर परिसर "बोल बम" के जयघोष से पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।